अमिताभ बच्चन के साथ की गई इस फिल्म को रामगोपाल वर्मा ने बताया खराब, बोले- ‘सबसे ज्यादा समय और पैसा लगा’
RamGopal Varma Worst Movie: रामगोपाल वर्मा ने अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म ‘सरकार’ बनाई, जो दर्शकों को पसंद आई, साथ ही बॉक्स ऑफिस पर भी चली। लेकिन एक और फिल्म रामगोपाल वर्मा ने अमिताभ संग की थी, जिसे वह अपनी सबसे खराब फिल्म मानते हैं।
रामगोपाल वर्मा के नाम सत्या’, ‘कंपनी’, ‘रंगीला’ या ‘भूत’ जैसी हिट फिल्में हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने अपनी हिट फिल्मों को एक एक्सीडेंट बताया। साथ ही अपनी सबसे खराब फिल्मों का भी जिक्र किया। खासकर अमिताभ बच्चन जिस फिल्म में अहम किरदार में नजर आए, उसे लेकर रामगोपाल वर्मा ने खरी-खरी बात की।
इस फिल्म को मानते हैं सबसे खराब
हाल ही में विकी लालवानी के यूट्यूब चैनल पर राम गोपाल वर्मा ने करियर को लेकर लंबी बातचीत की। कई मुद्दाें पर खुलकर राय रखी। रामगोपाल वर्मा ने अपनी सबसे खराब फिल्मों का जिक्र किया। वह कहते हैं, ‘मेरी अब तक की सबसे खराब फिल्म ‘राम गोपाल वर्मा की आग’ है। उसके बाद ‘डिपार्टमेंट’ है। दोनों ही फिल्मों ने मेरे करियर का सबसे ज्यादा समय और पैसा लिया।’ बता दें कि ‘राम गोपाल वर्मा की आग’ में अमिताभ बच्चन, मोहनलाल, अजय देवगन जैसे चर्चित एक्टर्स नजर आए थे। यह फिल्म ‘शोले’ का एडेप्टेशन थी।
अपनी हिट फिल्मों को लेकर दी अलग राय
अपने इंटरव्यू में रामगोपाल वर्मा ने कहा, ‘मेरी सभी हिट फिल्में एक्सीडेंट हैं। अगर मुझे पता होता कि ‘सत्या’, ‘कंपनी’, ‘रंगीला’ या ‘भूत’ को असल में क्या कामयाब बनाता है, तो मैं ऐसी फिल्म क्यों बनाता जो कामयाब न हो?’ इस तरह कहीं ना कहीं एक फिल्ममेकर होने के नाते रामगोपाल वर्मा को भी सफल फिल्मों का फॉर्मूला नहीं पता है।
रामगोपाल वर्मा की अपकमिंग फिल्म कौन सी है?
रामगोपाल वर्मा जल्द ही एक नई फिल्म दर्शकों के लिए लेकर आएंगे। इस फिल्म में मनोज बाजपेयी मुख्य भूमिका निभाएंगे। फिल्म एक हॉरर-कॉमेडी होगी। इस फिल्म का नाम ‘पुलिस स्टेशन में भूत’ है। रामगोपाल वर्मा और मनोज बाजपेयी वर्षों बाद इस फिल्म के जरिए फिर से साथ काम कर रहे हैं।
No Comments: