देश के हवाई रूटों पर तेजी देखने को मिल रही है। इनमें सबसे ज्यादा तेजी राजधानी दिल्ली से लेकर आर्थिक राजधानी मुंबई के बीच दिखाई दे रही है। सीटों की संख्या और उड़ानों की उपलब्धता के आधार पर यह रूट दुनिया के 10 सबसे व्यस्त हवाई मार्गों में शुमार हो गया है। इसी के चलते इस हवाई रूट पर एयरलाइंस कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।
एयरलाइन कंपनियां आपस में कर रही प्रतिस्पर्धा
इस बीच मुंबई–दिल्ली हवाई मार्ग पर बढ़ती यात्रियों की संख्या को देखते हुए विमानन कंपनियों के बीच मुकाबला और तेज हो गया है। इस रूट पर कारोबार की बड़ी संभावनाओं के चलते एयरलाइंस अपनी मौजूदगी मजबूत करने में जुट गई हैं। सीरियम के ताजा आंकड़े बताते है कि, दिसंबर 2025 में एयर इंडिया समूह ने इस रूट पर इंडिगो की बढ़त को पीछे छोड़ दिया। जबकि एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने मिलकर कुल 3,41,202 सीटें उपलब्ध कराईं, जिससे उनकी संयुक्त हिस्सेदारी 48.8 प्रतिशत से ज्यादा हो गई है। वहीं, इंडिगो इस रूट पर 2,71,052 सीटों और 38.8 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरे नंबर पर रही। दिसंबर महीने में इंडिगो ने इस रूट पर अपनी क्षमता में करीब 6,820 सीटों की कटौती भी की। इस मार्ग की बची हुई सीटों आकाश एयर और स्पाइसजेट के पास रही।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानों की संख्या दिसंबर 2024 में 63 से दोगुनी होकर 124 तक पहुंच गई है। इस रूट पर एयर इंडिया की 46 उड़ानें भी संचालित की जा रही हैं। वहीं, आकसा एयरलाइन ने भी अपनी उड़ाने बढ़ाई है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष में कंपनी ने सीट क्षमता में 33 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की है। जबकि स्पाइसजेट ने अपनी क्षमता 23 प्रतिशत बढ़ा दी है। इस प्रतिस्पर्धा में सबसे ज्यादा फायदा यात्रियों को हुआ है, क्योंकि इसी वजह से हवाई किराया बेहद कम हो गया है।
अमर उजाला से चर्चा में विमानन विशेषज्ञों कहते है कि,मुंबई से दिल्ली मार्ग पर यात्रियों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। क्योंकि मुंबई में अदाणी समूह द्वारा संचालित नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की क्षमता फिलहाल सीमित है। हालांकि 25 दिसंबर से इस हवाई अड्डे का संचालन शुरू हो चुका है और धीरे-धीरे यहां उड़ानों की संख्या बढ़ाई जाएगी। ऐसे में उम्मीद है कि आने वाले गर्मी के सीजन से मुंबई-दिल्ली मार्ग पर और ज्यादा उड़ानें शुरू की जाएंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर विकल्प मिल सकेंगे।

No Comments: