संजय कुमार झा
नई दिल्ली,मेट्रो मीडिया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार (8 मार्च) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तीन लाख रुपये सालाना आय वर्ग की सभी महिलाओं के लिए महिला सम्मान योजना कार्यक्रम की घोषणा करेंगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय में गुरुवार को महिला सम्मान योजना को अंतिम रूप देने का काम चल रहा था। मुख्य सचिव धर्मेंद्र वरिष्ठ अधिकारियों के साथ योजना की रूपरेखा की निगरानी कर रहे थे।
दिल्ली में महिलाओं को 2500 रुपये की यह वित्तीय सहायता विधानसभा चुनाव 2025 से पहले भाजपा नेतृत्व की बड़ी घोषणा थी और पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ चुनावी अभियान के दौरान यह बड़ा मुद्दा बना था। प्रत्येक महिला को 2500 रुपये की वित्तीय सहायता की यह घोषणा गेम चेंजर साबित हुई और भाजपा ने 27 साल बाद राजधानी में सत्ता बीजेपी ने हासिल की। सूत्रों के अनुसार दिल्ली सरकार 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इस योजना की घोषणा करने के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री के अधिकारियों ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए ली मेरिडियन होटल को चुना है, जहां पत्रकारों का एक बड़ा समूह मौजूद रहेगा। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद हाई टी का आयोजन किया जाएगा। यह घोषणा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा नेतृत्व द्वारा किए गए पहले महत्वपूर्ण वादे के क्रियान्वयन को चिह्नित करेगी।
दरअसल, भाजपा ने पहले ही पिछली आप सरकार द्वारा दिए गए सभी लाभों को जारी रखने की घोषणा की है। इसलिए दिल्लीवासियों को उम्मीद है कि 200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के साथ-साथ मुफ्त पानी की सुविधा भी जारी रहेगी।
सूत्रों ने बताया कि प्रत्येक महिला को 2500 रुपये की यह वित्तीय सहायता देने से दिल्ली सरकार पर 12000 करोड़ रुपये का वित्तीय भार पड़ सकता है। दिल्ली सरकार को इस वित्तीय वर्ष में जीएसटी से 50000 करोड़ रुपये के राजस्व संग्रह की उम्मीद है। इसलिए सरकार महिलाओं को यह वित्तीय सहायता देने में सक्षम है।
दिल्ली सरकार 2025-26 के लिए दिल्ली बजट तैयार करने में व्यस्त है, जिसमें उसे दिल्ली के लोगों को दी जा रही इन सभी मुफ्त सुविधाओं को शामिल करना होगा। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री शनिवार को राजधानी की महिलाओं से अपने बड़े वादे की घोषणा करने के लिए तैयार हैं।
No Comments: