IND vs SA ODI: 61 गेंदों के शेष रहते भारतीय टीम ने जीता आखिरी वनडे मैच, दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से हराया
IND vs SA 3rd ODI 2025 Innings Analysis : भारत ने आखिरी वनडे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को हराकर 2-1 से तीन मैचों की सीरीज अपने नाम कर ली। शनिवार को खेले गए निर्णायक मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने 271 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे टीम इंडिया ने 61 गेंदों के शेष रहते हासिल कर लिया।
भारत ने दक्षिण अफ्रीका को तीसरे वनडे में नौ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। शनिवार को विशाखापत्तनम में खेले गए निर्णायक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने क्विंटन डिकॉक की शतकीय पारी की मदद से 47.5 ओवर में 10 विकेट खोकर 270 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने यशस्वी जायसवाल के नाबाद शतक और रोहित शर्मा व विराट कोहली की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 61 गेंदों के शेष रहते मुकाबला जीत लिया।
रांची में भारत जीता, रायपुर में दक्षिण अफ्रीका ने मेजबानों को हराया
तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत भारत ने 17 रनों से जीत के साथ की थी। रांची में खेले गए मुकाबले में विराट कोहली और रोहित शर्मा की दमदार पारियों की मदद से 349 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 332 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। इसके बाद 3 दिसंबर को रायपुर में हुई भिड़ंत में भी विराट कोहली का बल्ला गरजा और उन्होंने शतक जड़ा। उनके अलावा ऋतुराज गायकवाड़ ने भी सैकड़ा लगाया और दक्षिण अफ्रीका के सामने 359 रनों का लक्ष्य रखा। मेहमान टीम ने एडेन मार्करम के शतक और मैथ्यू ब्रीट्जके तथा डेवाल्ड ब्रेविस की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 362 रन बनाए और चार विकेट से मुकाबला जीत लिया। निर्णायक मैच से पहले सीरीज 1-1 की बराबरी पर थी, लेकिन भारतीय टीम ने विशाखापत्तनम में दमदार प्रदर्शन किया और 2-1 से सीरीज अपने नाम कर ली।
No Comments: