सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट के अर्धशतक की मदद से न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को ग्रुप डी के मुकाबले में पांच विकेट से हराया। न्यूजीलैंड ने इस तरह टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। अफगानिस्तान ने गुलबदिन नईब के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 182 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने 17.5 ओवर में पांच विकेट पर 183 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली। न्यूजीलैंड के लिए इस मैच के हीरो सीफर्ट रहे।
अफगानिस्तान ने पावरप्ले में गंवाए दो विकेट
अफगानिस्तान के लिए इब्राहिम जादरान और रहमानुल्लाह गुरबाज ने पारी की शुरुआत की। दोनें ने टीम को सधी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 35 रन जोड़े। हालांकि, पावरप्ले खत्म होने से पहले लॉकी फर्ग्यूसन ने न्यूजीलैंड को पहली सफलता दिलाई। फर्ग्यूसन ने इब्राहिम जादरान को आउट किया जो 12 गेंदों पर एक चौके की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद फर्ग्यूसन ने इस ओवर की आखिरी गेंद पर गुरबाज को बोल्ड किया। गुरबाज ने 22 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाए।
सेदिकुल्लाह-गुलबदिन के बीच साझेदारी
पावरप्ले में ही दो विकेट गिरने के बाद सेदिकुल्लाह और गुलबदिन नईब ने शानदार साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी हुई जिससे अफगानिस्तान का स्कोर 100 रन के पार पहुंचा। गुलबदिन ने 29 गेंदों पर पचासा पूरा किया, लेकिन इसके तुरंत बाद ही सेदिकुल्लाह अपना विकेट गंवा बैठे। सेदिकुल्लाह 24 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए। गुलबदिन ने इसके बाद भी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। लेकिन रचिन रवींद्र की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। गुलबदिन 35 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 63 रन बनाकर आउट हुए।
अफगानिस्तान की पारी
अफगानिस्तान के लिए इनके अलावा दारविश रसूली ने 13 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, अजमातुल्लाह ओमरजई ने सात गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 14 रन बनाए, जबकि मोहम्मद नबी 10 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से लॉकी फर्ग्यूसन ने दो विकेट लिए, जबकि मैट हेनरी, जैकब डफी और रचिन रवींद्र को एक-एक सफलता मिली।
अफगानिस्तान ने जीता टॉस
अफगानिस्तान ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। अफगानिस्तान ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में तीन स्पिनर और इतने ही तेज गेंदबाजों को मौका दिया। न्यूजीलैंड के लिए इस मैच में ईश सोढ़ी, माइकल ब्रेसवेल, डेवॉन कॉनवे और काइल जैमिसन नहीं खेले।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11:
न्यूजीलैंड: फिन एलेन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चापमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशाम, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमातुल्लाह ओमरजई, गुलबदिन नईब, मोहम्मद नबी, राशिद खान (कप्तान), फजलहक फारूकी, मुजीब उर रहमान, जियाउर रहमान शरीफी।

No Comments: