header advertisement

PSL 2026 Video: विदेशी क्रिकेटरों को मिली धमकी! इसके बावजूद लाहौर पहुंचे स्टीव स्मिथ, चेतावनी को किया नजरअंदाज

धमकियों के बीच स्टीव स्मिथ पीएसएल 2026 के लिए लाहौर पहुंच गए, जहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कुछ विदेशी खिलाड़ी टूर्नामेंट से हट चुके हैं, जबकि पीसीबी ने शेड्यूल में बदलाव किए हैं। ऐसे में पूरे टूर्नामेंट की सुरक्षा और सफल आयोजन पर सबकी नजरें टिकी हैं।

पाकिस्तान सुपर लीग 2026 से पहले सुरक्षा को लेकर जारी तनाव के बीच स्टीव स्मिथ सोमवार तड़के लाहौर पहुंच गए। विदेशी खिलाड़ियों को मिली धमकियों के बावजूद स्मिथ का पाकिस्तान पहुंचना चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में स्मिथ को भारी सुरक्षा के बीच एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए देखा गया। द संडे गार्डियन के मुताबिक, स्मिथ धमकियों को नजरअंदाज कर लाहौर पहुंचे हैं। उनके चारों ओर पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी साफ तौर पर बढ़ी हुई सतर्कता को दर्शाती है।

क्यों दी जा रही है चेतावनी?
पाकिस्तान के सशस्त्र संगठन ‘जमात-उल-अहरार’ ने पीएसएल 2026 में हिस्सा लेने वाले विदेशी खिलाड़ियों को चेतावनी दी और आतंक फैलाया। संगठन का कहना है कि वह क्रिकेट के खिलाफ नहीं है, लेकिन मौजूदा सुरक्षा हालात अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए उपयुक्त नहीं हैं। द संडे गार्डियन के मुताबिक, संगठन ने कहा है कि विदेशी खिलाड़ियों को पाकिस्तान नहीं आना चाहिए और अगर वे आते हैं, तो उनकी सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है।
PCB ने बदला टूर्नामेंट का फॉर्मेट
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी हालात को देखते हुए बड़े बदलाव किए हैं। अब PSL 2026 केवल दो शहरों, कराची और लाहौर में खेला जाएगा। पेशावर, मुल्तान, रावलपिंडी और फैसलाबाद जैसे शहरों को शेड्यूल से हटा दिया गया है। इसके अलावा, मुकाबले बंद दरवाजों के पीछे कराए जाएंगे, यानी दर्शकों की एंट्री नहीं होगी।

विदेशी खिलाड़ियों की भागीदारी पर असर
इस बार पीएसएल में स्टीव स्मिथ के अलावा मार्नस लाबुशेन, एडम जैम्पा, डेवोन कॉनवे और मोईन अली जैसे बड़े नाम शामिल हैं। हालांकि, कुछ खिलाड़ी पहले ही टूर्नामेंट से हट चुके हैं। इनमें ब्लेसिंग मुजरबानी और दासुन शनाका आईपीएल खेलने जा रहे हैं, जबकि अन्य में टायमल मिल्स, गुडाकेश मोती, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, ओटनील बार्टमैन और स्पेंसर जॉनसन जैसे बड़े स्टार शामिल हैं। हालांकि, इनमें से ज्यादातर खिलाड़ियों ने निजी कारणों का हवाला दिया है।

PSL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने स्मिथ
स्मिथ पीएसएल 2026 में इतिहास रच चुके हैं। उन्हें सियालकोट स्टैलियंस ने पीकेआर 14 मिलियन (करीब 4.5 करोड़ भारतीय रुपये) में खरीदा, जिससे वह लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। यह उनका पहला पीएसएल सीजन होगा और वह शानदार फॉर्म में भी हैं। हाल ही में बिग बैश लीग में उन्होंने सिडनी सिक्सर्स के लिए खेलते हुए छह मैचों में 299 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 59.80 और स्ट्राइक रेट 167.97 रहा।

PSL 2026 पर टिकी नजरें
पाकिस्तान सुपर लीग का आगाज लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होगा, जहां डिफेंडिंग चैंपियन लाहौर कलंदर्स का मुकाबला हैदराबाद किंग्समेन से होगा। हालांकि, मौजूदा हालात को देखते हुए टूर्नामेंट के सफल आयोजन और खिलाड़ियों की सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

sidebar advertisement

National News

Politics