भाई को ढूंढते परिजन एक पुलिस थाने से दूसरे थाने की चौखट पर भटकते रहे, लेकिन जवाब मिला क्या यही काम रह गया है। मंगोलपुरी से लेकर डाबड़ी और सागरपुर तक छह–सात थानों के चक्कर लगे, हर जगह पुलिस ने हाथ खड़े कर दिए।
दिल्ली के डाबड़ी थाने में तो एक पुलिस कर्मी ने संवेदनहीनता की हद पार करते हुए कहा कि तुम्हारा भाई फ्लाइट में होगा तो वहां जाकर खोजें? हमारे पास 50 काम है, तुम्हारे भाई के लिए नहीं बैठे हैं। यह बात बिलखते हुए जनकपुरी में गड्ढे में गिरे कमल ध्यानी के भाई ने संवाद न्यूज एजेंसी से साझा की।
रात 11:53 बजे कमल से आखिरी बात, बोला दस मिनट में घर पहुंच रहा हूं। 45 मिनट बीते, कमल ने परिजनों का फोन नहीं उठाया। बेचैन परिजन देर रात 12:45 बजे निकले, जनकपुरी, रोहिणी ऑफिस, हर जगह ढूंढा।
कमल का फोन लग रहा था, लेकिन उठा नहीं
पुलिस ने व्हाट्सएप पर लोकेशन भेजी लेकिन डिलीट भी कर दी
रात 12:22 बजे पता चल गया था युवक गड्ढे में गिरा, पुलिस को नहीं दी सूचना
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गार्ड ने तुरंत योगेश नामक गार्ड को बताया, जिसने देखा कि गड्ढे में कोई गिरा है। योगेश ने रात करीब 12:22 बजे राजेश को सूचना दी। राजेश मौके पर तो पहुंचा, लेकिन न तो उसने पुलिस को सूचित किया न आपातकालीन प्राधिकरण को जानकारी दी।
उपायुक्त भास्कर ने बताया कि यूपी निवासी योगेश और गार्ड को पुलिस तलाश रही है। घटनाक्रम का सटीक पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है।
जल बोर्ड के 20 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर बाइक सवार युवक की मौत
नोएडा में इंजीनियर की मौत का मामला शांत भी नहीं हुआ कि अब राजधानी दिल्ली में जल बोर्ड की ओर से खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। जनकपुरी वी-ब्लॉक में 20 फीट गहरे गड्ढे में बृहस्पतिवार रात गिरे युवक ने मदद न मिलने पर तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।
जनकपुरी थाने में ठेकेदार और जल बोर्ड के अधिकारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, दिल्ली सरकार ने जांच समिति बनाते हुए जल बोर्ड के कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता व कनिष्ठ अभियंता को निलंबित कर दिया है।
मूलरूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के पोखरा गांव निवासी कमल ध्यानी (25) परिवार के साथ पालम के कैलाशपुरी में रहते थे। वह रोहिणी में एचडीएफसी के कॉल सेंटर में कार्यरत थे। भाई करण ने बताया, रात 11:53 बजे कमल ने फोन पर बताया कि वह जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर के पास पहुंच गया है, 10-15 मिनट में घर पहुंच जाएगा।
इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल पाया। अनहोनी की आशंका में परिवार रातभर उसे तलाशता रहा, लेकिन सुबह उसकी मौत की खबर मिली। पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि शुक्रवार सुबह 8:03 बजे पुलिस ने दमकलकर्मियों की मदद से कमल को गड्ढे से निकाला। अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

No Comments: