
गोरखपुर।
माटी संस्था और भारत सरकार के उपक्रम सोलर एनर्जी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (सेकी) के सौजन्य से पूर्वांचल के महराजगंज और सिद्धार्थनगर जनपदों में चार निशुल्क ग्रामीण स्वास्थ्य शिविरों के उपरांत आर्मी व नेवी द्वारा एक आई सर्जरी कैंप में माटी ने भागीदारी की। इस विशाल सर्जरी कैंप में माटी के स्वास्थ्य शिविरों में चिन्हित किये गए गंभीर नेत्र रोगियों का सफल ऑपरेशन किया गया। चार दिनों में ब्रिगेडियर एस के मिश्रा के नेतृत्व में, कर्नल रवि चौहान और मेजर अमृता जोशी व अन्य भारतीय सेना के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा लगभग 400 लोग सफल ऑपरेशन, लेंस व दवा वितरण से लाभान्वित हुए। ज्ञात रहे कि यह कैंप आर्मी और उनके आश्रित जनों के लिए था, लेकिन माटी और पूर्वांचल के सपूत ब्रिगेडियर मिश्रा के प्रयास से सिद्धार्थनगर, महराजगंज, आज़मगढ़, गोरखपुर आदि जनपदों से लगभग 55 आम जनमानस के भी ऑपरेशन किए गए।
इस अवसर पर अपने वक्तव्य में विख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ ब्रिगेडियर (डॉ.) संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि दृष्टि दोष से बचने के लिए अपनाएं अच्छी ओकुलर हाइजीन (आंखों की स्वच्छता), नियमित जाँच करायें, साथ ही डिजिटल उपकरणों का उपयोग कम करें और आंखों को आराम देने के लिए ’20-20-20′ नियम (हर 20 मिनट में 20 फीट दूर 20 सेकंड के लिए देखना) का पालन करें।
माटी के संयोजक आसिफ़ आज़मी ने ब्रिगेडियर मिश्रा और उनकी टीम का सम्मान किया और अपने सम्बोधन में कहा कि माटी संस्था का प्रयास स्वस्थ, शिक्षित और विकसित पूर्वांचल का निर्माण है, हम आगे भी इस दिशा में कार्य करते रहेंगे, उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में माटी संस्था से जुडने की अपील की।

No Comments: