header advertisement

IND vs SA ODI: 61 गेंदों के शेष रहते भारतीय टीम ने जीता आखिरी वनडे मैच, दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से हराया

IND vs SA 3rd ODI 2025 Innings Analysis : भारत ने आखिरी वनडे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को हराकर 2-1 से तीन मैचों की सीरीज अपने नाम कर ली। शनिवार को खेले गए निर्णायक मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने 271 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे टीम इंडिया ने 61 गेंदों के शेष रहते हासिल कर लिया।

भारत ने दक्षिण अफ्रीका को तीसरे वनडे में नौ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। शनिवार को विशाखापत्तनम में खेले गए निर्णायक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने क्विंटन डिकॉक की शतकीय पारी की मदद से 47.5 ओवर में 10 विकेट खोकर 270 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने यशस्वी जायसवाल के नाबाद शतक और रोहित शर्मा व विराट कोहली की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 61 गेंदों के शेष रहते मुकाबला जीत लिया।

रांची में भारत जीता, रायपुर में दक्षिण अफ्रीका ने मेजबानों को हराया
तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत भारत ने 17 रनों से जीत के साथ की थी। रांची में खेले गए मुकाबले में विराट कोहली और रोहित शर्मा की दमदार पारियों की मदद से 349 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 332 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। इसके बाद 3 दिसंबर को रायपुर में हुई भिड़ंत में भी विराट कोहली का बल्ला गरजा और उन्होंने शतक जड़ा। उनके अलावा ऋतुराज गायकवाड़ ने भी सैकड़ा लगाया और दक्षिण अफ्रीका के सामने 359 रनों का लक्ष्य रखा। मेहमान टीम ने एडेन मार्करम के शतक और मैथ्यू ब्रीट्जके तथा डेवाल्ड ब्रेविस की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 362 रन बनाए और चार विकेट से मुकाबला जीत लिया। निर्णायक मैच से पहले सीरीज 1-1 की बराबरी पर थी, लेकिन भारतीय टीम ने विशाखापत्तनम में दमदार प्रदर्शन किया और 2-1 से सीरीज अपने नाम कर ली।
रोहित-यशस्वी ने शतकीय साझेदारी से दिलाई शानदार शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करते हुए यशस्वी और रोहित ने भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई और दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 155 रनों की साझेदारी की। रोहित ने इस दौरान अपने वनडे करियर का 61वां अर्धशतक लगाया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20000 रन भी पूरे किए। रोहित 75 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मैदान पर विराट कोहली उतरे, जिनका बल्ला इस सीरीज में जमकर चला। कोहली और यशस्वी ने गियर बदलते हुए आक्रमक अंदाज में बल्लेबाजी की। यशस्वी ने अपने वनडे करियर का पहला शतक लगाया और भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

कोहली ने लगातार चौथे मैच में 50+ स्कोर बनाया। कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे में अर्धशतकीय पारी खेली थी। यशस्वी ने 121 गेंदों पर 12 चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 116 रन और कोहली ने 45 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 65 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से एकमात्र सफलता केशव महाराज को मिली।

डिकॉक का शतक
इससे पहले, भारतीय टीम ने कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा के चार-चार विकेटों की मदद से दक्षिण अफ्रीका को 47.5 ओवर में 270 रन पर ऑलआउट कर दिया।  दक्षिण अफ्रीका के लिए क्विंटन डिकॉक ने 106 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान तेम्बा बावुमा ने 48 रन बनाए। डिकॉक और बावुमा ने दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी की जिससे दक्षिण अफ्रीका चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर सका।

डिकॉक और बावुमा की साझेदारी जडेजा ने तोड़ी जिसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने अपना दम दिखाया। प्रसिद्ध के बाद कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी की और दक्षिण अफ्रीका की पारी समेटने में ज्यादा देर नहीं लगाई। दक्षिण अफ्रीका के लिए डिकॉक और बावुमा के अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने 29, मैथ्यू ब्रिट्जके ने 24, मार्को यानसेन ने 17 और कॉर्बिन बॉश ने नौ रन बनाए। वहीं, केशव महाराज 20 रन बनाकर नाबाद रहे। कुलदीप और प्रसिद्ध के अलावा अर्शदीप सिंह और रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिला।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

sidebar advertisement

National News

Politics