भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही पांच मैचों की घरेलू टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में शानदार प्रदर्शन के दम पर बुधवार को आईसीसी की पुरुष टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में पांच पायदान की छलांग लगाकर सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत ने इस सीरीज के अब तक खेले गए तीनों मैच जीत लिए हैं। एक समय टी20 रैंकिंग में नंबर एक रहे सूर्यकुमार ने इन मुकाबलों में 32, नाबाद 82 और नाबाद 57 रन बनाए, जिससे उनकी रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
दुबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ 2-1 से सीरीज जीतने के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान दो पायदान ऊपर चढ़कर 13वें, जबकि रहमानुल्लाह गुरबाज तीन पायदान ऊपर 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं। ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ रहे दरवेश रसूली ने 29 स्थान की बड़ी छलांग लगाकर 87वां स्थान हासिल किया। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मार्क्रम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच में खेली गई 47 गेंदों पर नाबाद 86 रन की पारी के दम पर बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष 20 में जगह बनाई है। वहीं, वेस्टइंडीज के ब्रैंडन किंग 15 पायदान ऊपर चढ़कर 35वें और न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स 18 स्थान की छलांग लगाकर 44वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

No Comments: