header advertisement

घुसपैठ, वोटर लिस्ट और जंगलराज का आरोप: बंगाल में सियासी जंग तेज, ममता सरकार को नितिन नबीन कई मुद्दों पर घेरा

पश्चिम बंगाल में घुसपैठ और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़, प्रशासनिक दबाव और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। आइए विस्तार से जानते हैं भाजपा अध्य़क्ष ने ममता सरकार को किन-किन मुद्दों पर घेरा।

पश्चिम बंगाल की राजनीति में घुसपैठ, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी टकराव तेज हो गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ का गंभीर आरोप लगाते हुए सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया। दुर्गापुर में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में हालात चिंताजनक हैं और आने वाले विधानसभा चुनावों में बदलाव जरूरी हो गया है।

एसआईआर और घुसपैठ का विवाद
नितिन नबीन ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार एसआईआर के दौरान भ्रम और डर फैलाकर प्रक्रिया को पटरी से उतारने की कोशिश कर रही है। उनका दावा है कि चुनाव आयोग फर्जी मतदाताओं और घुसपैठियों को हटाने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन राज्य प्रशासन डीएम, एसडीओ और बीडीओ सत्तारूढ़ दल के इशारे पर आम लोगों को डराने का काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं को परेशान करने का आरोप चुनाव आयोग पर नहीं, बल्कि राज्य प्रशासन पर बनता है। ममता बनर्जी दिल्ली में शिकायत कर रही हैं कि चुनाव आयोग सहयोग नहीं कर रहा है। मैं उनसे यह कहना चाहूंगा कि आप खुद यहां एसपी और एसडीएम को कठपुतली की तरह इस्तेमाल कर रही हैं।

क्या बंगाल की पहचान खतरे में है?
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की नीतियों से राज्य की जनसांख्यिकी बदलने का जानबूझकर प्रयास हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें बंगाल को बांग्लादेश जैसा बनाने की कोशिश में हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी का हवाला देते हुए कहा कि बंगाल आज जिस रूप में है, वह उनके संघर्ष का परिणाम है और आज भी वैसी ही चुनौतियां मौजूद हैं।

जंगलराज का लगाया आरोप
नितिन नबीन ने राज्य में कानून-व्यवस्था को जंगलराज करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार ने शासन की जगह ले ली है और खुलेआम टीएमसी टैक्स वसूला जा रहा है। उनका दावा है कि कई मंत्री भर्ती घोटालों में जेल में हैं या जमानत पर बाहर हैं। दुर्गापुर को कभी औद्योगिक केंद्र बताते हुए उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास ठप हो गया है, कारखाने बंद हो रहे हैं और युवा रोजगार के लिए पलायन को मजबूर हैं।

महिलाओं की सुरक्षा, धर्म और चुनावी संदेश
महिलाओं के खिलाफ अपराधों का मुद्दा उठाते हुए भाजपा अध्यक्ष ने दुर्गापुर की एक घटना का जिक्र किया और सरकार पर असंवेदनशीलता का आरोप लगाया। धार्मिक मामलों में उन्होंने सनातन परंपराओं के साथ भेदभाव का दावा करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा में अड़चनें डाली जाती हैं, जबकि अन्य गतिविधियों पर पाबंदी नहीं।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

sidebar advertisement

National News

Politics