header advertisement

Carbon Trading: चार महीने में भारत शुरू करेगा घरेलू कार्बन ट्रेडिंग, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने किया एलान

भारत अगले चार महीनों में घरेलू कार्बन बाजार में ट्रेडिंग शुरू करेगा। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के अनुसार, यह कदम 2070 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य को पूरा करने में मदद करेगा।

भारत अगले चार महीनों में घरेलू कार्बन बाजार में औपचारिक ट्रेडिंग शुरू करेगा। यह घोषणा शनिवार, 21 मार्च को केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल ने की। यह कदम देश के कार्बन उत्सर्जन को कम करने और जलवायु संबंधी कार्यों के लिए आर्थिक ढांचा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण होगा।

भारत बिजली शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान मंत्री ने कहा कि अगले चार महीने में देश में कार्बन बाजार में औपचारिक ट्रेडिंग शुरू होगी। उन्होंने कहा कि इस योजना में भाग लेने के लिए सभी संबंधित पक्षों को पहले पंजीकरण कराना होगा। कार्बन बाजार उत्सर्जन को संतुलित करने का एक तंत्र होगा। जिन कंपनियों के पास कार्बन प्रमाणपत्र होंगे वो उन्हें बेच सकेंगे। जिनके पास नहीं होंगे वो खरीद सकेंगे, ताकि वे अपने दायित्वों को पूरा कर सकें।

2070 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि वैश्विक तापमान में वृद्धि को देखते हुए जलवायु परिवर्तन पर तत्काल कदम उठाना आवश्यक है। भारत ने पेरिस समझौते के तहत 2070 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य रखा है।

490 संस्थाओं के लिए ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन के लक्ष्य तय
मनोहरलाल ने कहा, 2026 से 490 संस्थाओं के लिए ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन के लक्ष्य तय किए गए हैं। उन्हें अपने कार्बन फुटप्रिंट कम करने के लिए कदम उठाने होंगे। इस कार्बन बाजार से उन्हें लचीलापन और आर्थिक प्रोत्साहन मिलेगा। पहले से चल रही पैट योजना के जरिए लगभग 11 करोड़ टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आई है और ऊर्जा दक्षता में सुधार हुआ है। इसके अलावा देश में 20 करोड़ स्मार्ट मीटर स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, जो पूरी दुनिया में अपनी तरह का सबसे बड़ा कार्यक्रम होगा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

sidebar advertisement

National News

Politics