header advertisement

BJP v Cong: भाजपा सांसद ने कांग्रेस के इतिहास पर उठाए सवाल, लगाए कई आरोप; 1962 के भारत-चीन युद्ध का भी जिक्र

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने दावा किया है कि कांग्रेस ने 1962 का युद्ध अमेरिका की आर्थिक मदद और सलाह पर लड़ा था। उन्होंने सीआईए से कांग्रेस को चुनावी चंदा मिलने और इंदिरा गांधी को पैसे दिए जाने के गंभीर आरोप लगाए। सांसद ने इसे कांग्रेस के इतिहास का काला अध्याय करार दिया है।

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस के इतिहास को लेकर कई गंभीर दावे किए हैं। उन्होंने बताया कि 27 मार्च 1963 को ओडिशा के तत्कालीन मुख्यमंत्री बीजू पटनायक अमेरिका पहुंचे थे। उस दौर में वह भारत, अमेरिका और तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के बीच एक अहम कड़ी के रूप में काम कर रहे थे।

क्या बोले भाजपा सांसद?
निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर यह जानकारी साझा की। भाजपा सांसद ने लिखा कि 1962 में चीन के साथ हुआ युद्ध अमेरिका के कहने और उसकी आर्थिक मदद से लड़ा गया था। उन्होंने यह दावा भी किया कि दलाई लामा के भाई अमेरिका के संपर्क में थे और दलाई लामा 1959 में अमेरिकी सहायता से ही भारत पहुंचे थे।
उन्होंने आगे लिखा कि 1963-64 के दौरान भारत ने अमेरिकी सेना को उत्तराखंड के नंदा देवी क्षेत्र में परमाणु उपकरण रखने की अनुमति दी थी। साथ ही, अमेरिकी जासूसी विमान यू-2 के लिए ओडिशा के चरबतिया हवाई अड्डे का इस्तेमाल करने दिया गया।

चुनावी फंडिंग का लगाया आरोप
सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस की चुनावी फंडिंग पर भी सवाल उठाए। उनका दावा है कि 1955 से 1962 के बीच हुए सभी चुनावों में अमेरिका और सीआईए ने कांग्रेस पार्टी को आर्थिक मदद दी थी। उस समय के अमेरिकी राजदूत ने अपनी किताब में लिखा कि केरल के चुनाव में इंदिरा गांधी को सीधे तौर पर पैसे मिले थे। इस मुद्दे पर संसद में बहस हुई थी और एक समिति भी बनी थी। उन्होंने इसे कांग्रेस का काला अध्याय बताया।

दावों के बीच राजनीति हलचल तेज
इन दावों के बाद राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। फिलहाल कांग्रेस ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। बता दें कि निशिकांत दुबे झारखंड के गोड्डा से लोकसभा सांसद हैं। वह संसद में विपक्ष और कांग्रेस पर तीखे हमलों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने एमबीए में पीएचडी की डिग्री ली है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

sidebar advertisement

National News

Politics