बता दें कि शनिवार को चुभन भरी गर्मी महसूस की गई। दिनभर आसमान साफ रहने व तेज धूप निकलने के कारण एनसीआर के लोगों का हाल बेहाल रहा। लोग घर या दफ्तर से बाहर निकलते ही पसीना पोंछते नजर आए। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस कम के साथ 38.2 डिग्री दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का न्यूनतम स्तर 49 फीसदी रहा।
शनिवार को दिल्ली के रिज में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आया नगर में 38.1, पालम में 37.6 और लोधी रोड में 37.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 28.4 डिग्री दर्ज किया गया। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम रहा। यहां न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आया नगर, रिज और पालम में 27.6 डिग्री दर्ज हुआ।
नोएडा में आंधी-बारिश ने मचाया तबाही,बिजली आपूर्ति ठप
बीती रात आई तेज आंधी और बारिश ने नोएडा में बिजली व्यवस्था को पूरी तरह बेपटरी कर दिया। शहर के दो दर्जन से अधिक सेक्टरों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे हजारों निवासियों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। आंधी की तीव्रता इतनी थी कि 200 से अधिक स्थानों पर बिजली के पोल टूट गए और तार क्षतिग्रस्त हो गए। सेक्टर 18, 22, 62, 50, 71, 73, 78, 75, 122, 81, 83, 86, 137 और ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में बिजली गुल होने की शिकायतें सामने आईं।
विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आंधी के कारण कई फीडर स्टेशनों में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हुई। कुछ इलाकों में पेड़ों के गिरने से भी तार टूटे, जिसने स्थिति को और गंभीर बना दिया। निवासियों ने बताया कि बिजली न होने से गर्मी और उमस में परेशानी हुई, खासकर बुजुर्गों और बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विद्युत विभाग की टीमें रात से ही मरम्मत कार्य में जुट गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त पोलों को बदलने और तारों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। हालांकि, कुछ इलाकों में मरम्मत कार्य जटिल होने के कारण आपूर्ति बहाल करने में समय लग सकता है।
No Comments: