दिसंबर तक लोग यमुना में कर सकेंगे क्रूज का सफर
- नदी के किनारे दो जेटी बनाने का टेंडर हुआ जारी
नई दिल्ली। यमुना में दिसंबर तक लोग क्रूज का सफर कर सकेंगे। दिल्ली सरकार ने इस योजना को अमली जामा पहनाने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। मार्च में सरकार बनने के दौरान इस योजना को जल्द शुरू करने की घोषणा की गई थी। इसी के तहत भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आइडब्ल्यूएआई) ने वजीराबाद के सोनिया विहार में नदी के किनारे दो जेटी बनाने का टेंडर जारी किया है। वहीं दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन निगम (डीटीटीडीसी) लिमिटेड ने क्रूज शुरू करने के लिए संचालक को तय कर लिया है। उम्मीद है कि अगले कुछ माह में क्रूज खरीद लिए जाएंगे। इससे पहले उपराज्यपाल ने उक्त क्षेत्र में नेवी के नाव से क्षेत्र का दौरा किया था। साथ ही यमुना की गहराई की जांच की गई थी।
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक सोनिया विहार और जगतपुर के बीच इस क्रूज को चलाया जाएगा। इस क्षेत्र में पर्याप्त पानी है इसलिए क्रूज को आसानी से चलाया जा सकता है।
इस योजना को जल्द शुरू करने के लिए उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने उच्च स्तरीय बैठक की। इसमें जानकारी दी गई कि दिसंबर तक यमुना के स्वच्छ हिस्से सोनिया विहार में 50 यात्रियों की क्षमता वाली दो जेटी शुरू कर दी जाएंगी। आइडब्ल्यूएआई यमुना तट पर आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विकास करेगा। इसमें पर्यटकों के लिए प्रतीक्षा क्षेत्र, टिकट काउंटर और अन्य यात्री सेवाओं सहित सुविधाएं शामिल होंगी। अधिकारियों ने कहा कि एलजी ने बैठक के दौरान इस पूरी योजना को मंजूरी दे दी है।