जून जला रहा है: दिल्ली में पारा 43 डिग्री के पार, तीन दिन लू का यलो अलर्ट; जानिए कब होगी राजधानी में बारिश
Delhi Weather News: मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को लोधी रोड, सफदरजंग, आयानगर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। 12 जून तक तापमान 44 से 45 डिग्री तक रहने का अनुमान है। महीने के अंत तक ही दिल्ली में मानसून दस्तक दे सकता है।
जून में सूरज अपने तल्ख तेवर दिखा रह है। मौसम विभाग ने 12 जून तक के लिए लू का यलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को चिलचिलाती गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को लोधी रोड, सफदरजंग, आयानगर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली का वास्तविक अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो औसत से 3.4 डिग्री अधिक रहा। इस बीच, मौसम विभाग ने 12 से 14 जून तक बारिश की संभावना जताई है।
दो दिन से परीक्षा ले रही गर्मी
बीते दो दिन से गर्मी लोगों की परीक्षा ले रहा है। दोपहर बाद भी तपिश से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। स्थिति यह रही कि दोपहर तीन बजे के बाद भी सड़क पर चल रहे पैदल और बाइक सवार लोगों तपिश के थपेड़ों ने परेशान किया। 12 जून तक तापमान 44 से 45 डिग्री तक रहने का अनुमान है। महीने के अंत तक ही दिल्ली में मानसून दस्तक दे सकता है।
फरीदाबाद में 41 डिग्री सेल्सियस रहा अधिकतम तापमान
वहीं दिल्ली से सटे फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के अनुसार, सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं आर्द्रता का स्तर 41 प्रतिशत तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने लोगों को दिन के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।
No Comments: