IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स के बाद बिकी आरसीबी फ्रेंचाइजी, 16706 करोड़ रुपये में हुआ सौदा; जानें नया मालिक कौन
आईपीएल 2026 से पहले ही दो फ्रेंचाइजी को नया मालिक मिलने जा रहा है। पहले काल सोमानी ने राजस्थान रॉयल्स को खरीदने पर सहमति जताई थी। अब यूनाइटेड स्प्रिट्स लिमिटेड ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को बेचने का एलान किया है।
आईपीएल 2026 सीजन से पहले यूनाइटेड स्प्रिट्स लिमिटेड (यूएसएल) ने मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) फ्रेंचाइजी बेचने का एलान कर दिया है। यूएसएल ने आरसीबी को आदित्य बिरला ग्रुप, द टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन के एक गठजोड़ को 1.78 अरब डॉलर (करीब 16706 करोड़ रुपये) के नकद सौदे में बेच दिया है। गत चैंपियन आईपीएल टीम का स्वामित्व अब इस समूह के पास होगा। एक ही दिन में दो आईपीएल फ्रेंचाइजी को नया मालिक मिला है। इससे पहले, काल सोमानी ने राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी को 1.63 बिलियन अमेरिकी डॉलर (यानी करीब 15290 करोड़ रुपये) में खरीदा था।
फ्रेंचाइजी में होगी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इस समूह ने यूएसएल के साथ फ्रेंचाइजी में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने का समझौता कर लिया है। इस सौदे में आरसीबी की पुरुष और महिला दोनों टीमों को शामिल किया गया है। यूएसएल, ब्रिटेन की डियाजियो की सहायक कंपनी है और वह अब आरसीबी से बाहर निकलना चाहती है क्योंकि यह टीम उनके मुख्य व्यवसाय का हिस्सा नहीं थी।
No Comments: