देवेंद्र सिंह तोमर
नई दिल्ली, मेट्रो मीडिया। दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर में शनिवार को एक व्यक्ति ने आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल की पदयात्रा के दौरान उन पर कोई तरल पदार्थ फेंका, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
वहीं, ‘आप’ ने दावा किया कि पकड़ा गया व्यक्ति पदयात्रा के दौरान केजरीवाल पर ‘स्पिरिट’ फेंककर उन्हें जलाना चाहता था। पुलिस ने कहा कि बिना अनुमति के आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान केजरीवाल पर पानी फेंका गया, जबकि भाजपा ने मुख्यमंत्री आतिशी के इस आरोप का पुरजोर खंडन किया कि आरोपी भाजपा कार्यकर्ता था। आप ने इस घटना के लिए भाजपा-नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि पिछले 35 दिनों में केजरीवाल पर यह तीसरा हमला है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान दिल्ली परिवहन निगम के खानपुर डिपो में सेवारत बस मार्शल अशोक झा के रूप में हुई है। झा को हिरासत में ले लिया गया है। दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा इस कृत्य के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए व्यक्ति से पूछताछ की जा जारी है।
सूत्रों ने दावा किया कि पूछताछ के दौरान झा (41) ने बताया है कि वह पिछले छह महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण निराश था। सूत्रों ने कहा कि झा ने दावा किया कि आप के गठन के दौरान उसने पार्टी को दान दिया था, लेकिन वह इसके झूठे वादों से परेशान था। घटना के समय आप के राष्ट्रीय संयोजक ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सावित्री नगर इलाके में पदयात्रा कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, शाम को करीब पांच बजकर 50 मिनट पर केजरीवाल एक घेरे के पीछे खड़े होकर लोगों का अभिवादन कर रहे थे, तभी एक व्यक्ति उनके पास आया और उन पर पानी फेंक दिया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत आरोपी को काबू में कर लिया। बाद में केजरीवाल और उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों को अपना चेहरा पोंछते देखा गया। इस बीच, दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला करने के लिए पकड़ा गया व्यक्ति पदयात्रा अभियान के दौरान उन पर स्पिरिट फेंककर उन्हें जलाना चाहता था।
भारद्वाज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह भी दावा किया कि हमलावर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़ा हुआ है। भारद्वाज ने संवाददाता सम्मेलन में दावा किया, एक आदमी ने उनपर (केजरीवाल पर) स्पिरिट फेंकी। हमें इसकी गंध आ रही थी। उन्हें (केजरीवाल को) जिंदा जलाने की कोशिश की गई।’
उन्होंने कहा, वह आदमी एक हाथ में स्पिरिट और दूसरे हाथ में माचिस लिये हुए था। उसने स्पिरिट फेंकी जो केजरीवाल और मुझ पर गिरी…लेकिन वह आग नहीं लगा सका। हमारे सतर्क कार्यकर्ताओं और लोगों ने उसे पकड़ लिया। घटना के बाद केजरीवाल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा उन्हें मेरी पदयात्रा रोकने के बजाय दिल्ली में अपराध रोकने की कोशिश करनी चाहिए।
केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर कहा क्या मुझे रोकने से दिल्ली में अपराध कम हो जाएंगे? क्या दिल्ली में गोलीबारी बंद हो जाएगी… क्या महिलाएं और व्यापारी सुरक्षित हो जाएंगे। मुख्यमंत्री आतिशी ने आरोप लगाया कि एक भाजपा कार्यकर्ता ने केजरीवाल पर हमला किया और दावा किया कि भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव में आसन्न हार देखकर हताश हो रही है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, आज दिनदहाड़े भाजपा कार्यकर्ता ने अरविंद केजरीवाल जी पर हमला किया। भाजपा के लोगों, दिल्ली की जनता ऐसी घटिया हरकतों का बदला लेगी। पिछली बार (विधानसभा चुनाव में) भाजपा को आठ सीट मिली थीं, इस बार दिल्ली की जनता भाजपा को शून्य सीट देगी। भाजपा ने आप के आरोपों का जोरदार खंडन किया।
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल पर पानी फेंकने की घटना आम आदमी पार्टी की पुरानी चाल है। उन्होंने कहा दिल्लीवासी पूछ रहे हैं कि ऐसी घटनाएं उनके साथ ही क्यों होती हैं।
No Comments: