header advertisement

Delhi flood: निगम बोध घाट और ओल्ड उस्मानपुर में घुसा यमुना का पानी, वासुदेव घाट डूबा; जलस्तर 207 मीटर के ऊपर

दिल्ली में यमुना नदी का रौद्र रूप देखने को मिलने लगा है। यमुना का जलस्तर 207 मीटर के ऊपर पहुंच गया है। यमुना बाजार इलाके में सुरक्षा के लिए बनाई गई दीवार से पानी ऊपर पहुंच गया है।

देश की राजधानी दिल्ली में भारी बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है, कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। निचले इलाकों में यमुना का पानी घुस गया है। दिल्ली का यमुना बाजार, निगम बोध घाट, ओल्ड उस्मानपुर गांव, आईएसबीटी का वासुदेव घाट पानी में डूब गया है। मोनेस्ट्री मार्केट में भी यमुना का पानी घुस गया है। 

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में पांच तारीख तक हल्की से भारी बारिश देखने को मिल सकती है। दिल्ली में यमुना का जलस्तर 207 मीटर के ऊपर पहुंच गया है। यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से 2 मीटर ऊपर है। यमुना नदी के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी की वजह से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। कई इलाकों में एनडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है। 

दिल्ली के यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से निगम बोध घाट क्षेत्र में बाढ़ का पानी घुस गया है। यह दृश्य आज सुबह 10.40 बजे ड्रोन से लिया गया था। 

यमुना बाजार के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा
यमुना नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण यमुना बाजार में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। एनडीआरएफ कमांडेंट ज्ञानेश्वर सिंह ने कहा कि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। हमारी टीमें कल रात से ही यहां तैनात हैं। 14-18 टीमें स्टैंडबाय पर हैं। जबकि चार टीमें अलग-अलग जगह पर तैनात हैं।

ओल्ड उस्मानपुर और ओल्ड गढ़ी मेंडू गांवों में यमुना का पानी पहुंचा
दिल्ली के ओल्ड उस्मानपुर और ओल्ड गढ़ी मेंडू गांवों में यमुना का पानी पहुंच गया है। यहां रहने वाले लोग, उनके मवेशी और अन्य जानवर प्रभावित हो रहे हैं, यमुना नदी का पानी दो गांवों में घुसने के बाद उन्हें अपने घर खाली करने पड़ गए हैं।

ओल्ड उस्मानपुर गांव के एक निवासी ने बताया, “जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पानी कई घरों में घुस गया है। हमें दो दिन पहले घर खाली करने का आदेश दिया गया था। अब यहां राहत शिविर लगा दिए गए हैं। इस गांव में लगभग 2,500 लोग अपने मवेशियों के साथ रहते हैं। सभी जानवरों को समय रहते बचा लिया गया।

यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से मोनेस्ट्री मार्केट और आसपास के इलाकों में बाढ़ आ गई है, जिससे आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों में पानी घुस गया है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

sidebar advertisement

National News

Politics